बरेली के सुभाषनगर निवासी दो बाइक हरिद्वार से गंगाजल लेने गए थे। सोमवार को वहां से लौटते वक्त उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बड़े भाई की मौत हो गई। छोटा भाई घायल हो गया।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे बरेली के युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बाइक से अपने भाई के साथ बरेली लौट रहा था। बिजनौर के नजीबाबाद में उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसका भाई गंभीर घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
थाना सुभाषनगर क्षेत्र के पटेल विहार निवासी प्रमोद ने बताया कि उनके दो भतीजे 30 वर्षीय शोभित और 25 वर्षीय सौरभ रविवार को हरिद्वार गंगा जल लेने के लिए बाइक से रवाना हुए थे। सोमवार को गंगाजल लेकर लौटते समय नजीबाबाद के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक चालक शोभित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा छोटा भाई सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायल सौरभ को अस्पताल में भर्ती कराया। शोभित की मां लक्ष्मी देवी और पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। शोभित अखबार वितरक का काम करता था। घायल सौरभ का उपचार बरेली के जिला अस्पताल में जारी है।