पांचवीं बार निरस्त हुई बेंगलुरू की उड़ान
घने कोहरे की वजह से हवाई यातायात फिर प्रभावित रहा। इस सीजन में बंगलुरू की फ्लाइट पांचवीं बार निरस्त कर दी गई। एयरलाइंस के मुताबिक बंगलुरू से मुंबई तक पहुंची फ्लाइट बरेली में कोहरे के चलते दृश्यता न मिलने की आशंका पर निरस्त की गई।
दो दिन पहले 15 जनवरी को भी बंगलुरू की फ्लाइट निरस्त हो गई थी। एयरलाइंस के प्रतिनिधि के मुताबिक बंगलुरू से सुबह 4.47 बजे एयरबस ने उड़ान भरी थी। दो घंटे बाद 6.27 बजे मुंबई में इसकी लैंडिंग हुई। यहां से 11.35 बजे बरेली के लिए उड़ान होनी थी, मगर यहां घने कोहरे की वजह से ऊपरी वायुमंडल में दृश्यता शून्य होने से फ्लाइट निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
इसकी सूचना मेसेज और ई-मेल से यात्रियों को दी गई। सभी का किराया लौटाया गया। एयरलाइंस के प्रतिनिधि के मुताबिक आगे भी परिस्थितियां अनुकूल न होने पर फ्लाइट निरस्त हो सकती है।