फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly Weather: एक दिन की धूप के बाद फिर छाया घना कोहरा, गलन बरकरार; तापमान छह डिग्री सेल्सियस

Wed, 17 Jan 2024 10:56 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में बुधवार तड़के से ही घना कोहरा छा गया। दृश्यता 50 से 100 मीटर होने की वजह से वाहन रेंगते हुए चले। शहर में सुबह 10 बजे न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
बरेली में छाया घना कोहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को दोपहर एक बजे से धूप खिली, लेकिन अगले ही दिन फिर घना कोहरा छा गया। बुधवार तड़के से ही कोहरे की चादर तन गई। दृश्यता 50 से दो सौ मीटर होने की वजह से वाहन रेंगते हुए चले। शहर में सुबह 10 बजे न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। 

विज्ञापन


आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक तीन दिनों तक पहाड़ों की बर्फीली हवा का प्रवेश होता रहा। हवा रुकी तो कोहरा हावी रहा। मंगलवार को चार किमी प्रतिघंटे की गति से पुरवाई चली। लिहाजा, रेड अलर्ट अब येलो अलर्ट पर जा ठहरा। कोहरा छंटा और सूर्यदेव के दर्शन हुए। शीतलहर की वजह से धूप बेअसर रही।  

 

उत्कर्ष के 55 वर्ष: आभार बरेली... आपने भरोसा जताया, हम आपकी आवाज बने; तस्वीरों में देखें अमर उजाला का सफर

आगामी तीन दिन तक हल्की धूप निकलने और सुबह-शाम घना कोहरा छाने का पूर्वानुमान है। दृश्यता 50 से दो सौ मीटर तक रहेगी। मंगलवार को सर्द हवा से न्यूनतम पारा एक डिग्री लुढ़ककर सामान्य से एक डिग्री कम 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, अधिकतम पारा दो डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से नौ डिग्री कम 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

विज्ञापन

दो गुना बढ़ी विद्युत उपकरणों की बिक्री 
एक पखवाड़े से हावी कड़ाके की ठंड की वजह से बाजार में गर्माहट देखने को मिली है। गर्म कपड़े, ब्लेजर, स्वेटर, मफलर, जैकेट, शॉल और ऊनी सूट आदि की खूब बिक्री हुई। दूसरी ओर, हीटर, गीजर, ब्लोअर, हीटिंग पैड की मांग भी दोगुनी रही। व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि 15 दिनों में करीब एक करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

ओपीडी पर ठंड का असर 
जिला अस्पताल की ओपीडी पर भी ठंड का असर दिख रहा है। मौसम की मार से वायरल बीमारियों के मरीज तो बढ़े हैं पर कड़ाके की ठंड से गुजरकर ओपीडी तक पहुंचने से बच रहे हैं। आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में महज छह सौ पर्चे ही बने। यही स्थिति सोमवार को भी रही। सामान्य दिनों में यह संख्या एक हजार के करीब होती है।
विज्ञापन

आठ घंटे तक देरी से आईं 21 ट्रेनें
कोहरे और शीतलहर के कारण ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया हुआ है। फास्ट, सुपरफास्ट और राजधानी एक्सप्रेस जैसी रेलगाड़ियां भी समयसारिणी के अनुसार नहीं चल रही हैं। सुबह की ट्रेनें रात को और रात में आने वाली सुबह आ रही हैं।  मंगलवार को 21 से ज्यादा ट्रेनें आठ घंटे तक देरी से आईं। यदि आप लंबी यात्रा के लिए ट्रेनों में आरक्षण करा रहे हैं तो पहले उनके बारे में जानकारी जुटा लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें