16 जनवरी 1969 को हुआ अमर उजाला के बरेली संस्करण का शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला
17 जनवरी 1969 को प्रकाशित हुआ पहला अंक
अति शुभ मुहूर्त में 16 जनवरी 1969 को इसी कार्यालय में विधि-विधान से पूजा करके अमर उजाला के प्रकाशन की तैयारी पूरी की गई। इसी दिन राजकीय इंटर कॉलेज में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जनसभा थी। 17 जनवरी 1969 को अमर उजाला का पहला अंक जब पाठकों के हाथों में आया तो उसके प्रथम पृष्ठ पर मुख्य समाचार इंदिरा गांधी के भाषण का ही था। पहली बार यहां के लोगों को अपने शहर की सामाजिक, राजनीतिक और अन्य गतिविधियों की खबरें अखबार में देखने को मिलीं।
अखबार की प्रदर्शनी देखतीं छात्राएं
पाठकों ने अति उत्साह से अमर उजाला का स्वागत किया। तब चार पृष्ठ के अखबार का प्रारंभिक मूल्य 10 पैसा रखा गया था। अमर उजाला की प्रारंभिक टीम में संपादकीय प्रभारी उदित साहू, ओमप्रकाश अग्रवाल, जेवी सुमन आदि थे।
शुरुआती दिनों में डोरीलाल अग्रवाल जी एवं मुरारीलाल माहेश्वरी जी ने अपनी ही देखरेख में अखबार का प्रकाशन कराया। कुछ ही समय में रुहेलखंड और कुमाऊं के सभी जिलों में कार्यालय स्थापित कर दिए गए और अमर उजाला लोगों के बीच निरंतर लोकप्रिय होता गया।
अमर उजाला अखबार पढ़तीं छात्राएं
सीमावर्ती इलाकों की भी खबरें
सुदूर अंचलों से अपना जुड़ाव बढ़ाते हुए अमर उजाला ने भारत-चीन सीमा पर बसे पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी, डीडीहाट और गंगोलीहाट जैसे सीमावर्ती इलाकों की भी खबरें देनी शुरू कीं। लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, सीतापुर में पहले ही अमर उजाला का अच्छा-खासा प्रसार हो चुका था।
अमर उजाला की खबरों के जरिये सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्रों में नई चेतना का संचार हुआ। हर वर्ग ने इस अखबार को अपनी आवाज उठाने का मंच बनाया। कुमाऊं के जिलों में कई जनांदोलन शुरू हुए। रुहेलखंड के किसानों में भी नई चेतना जाग्रत हुई।
एसएसपी, विधायक संग शहरवासियों ने जाना कैसे छपता है अखबार
बरेली में हमारी प्रसार संख्या सर्वाधिक
बरेली में एक संगठित छात्र आंदोलन के बाद रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्थापना संभव हो सकी। 55 वर्षों की यात्रा में अमर उजाला ने तमाम आयाम स्थापित किए। अमर उजाला का प्रकाशन अब छह राज्य, दो केंद्र शासित प्रदेश और 22 संस्करणों से हो रहा है। बरेली में हमारी प्रसार संख्या सर्वाधिक है। स्थापना के बाद से ही अमर उजाला यहां सर्वाधिक प्रसार संख्या वाला अखबार बना हुआ है।
अमर उजाला कार्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शनी देखने पहुंचीं छात्राएं