एक ड्राइवर कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर इरशाद, नाजुक हालत में हो रहा ऑपरेशन
बरेली/बिथरी चैनपुर। बिथरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दो ट्रक ड्राइवरों में साथ शराब पीने के बाद झगड़ा हो गया। दोनों ने तमंचों से एक-दूसरे को गोली मार दी। एक के पेट तो दूसरे के हाथ और पीठ में गोली लगी है। दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दोनों के भाइयों ने बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें एक ट्रक ड्राइवर कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर इरशाद है।
ठिरिया निजावत खां निवासी ट्रक ड्राइवर इरशाद बुधवार शाम चार बजे अपने दोस्त सिराज और ट्रक ड्राइवर जाहिद के साथ ट्रांसपोर्ट नगर के नजदीक भिंडोलिया मोड़ पर शराब पी रहा था, तभी किसी बात को लेकर इरशाद का जाहिद से झगड़ा हो गया। दोनों मारपीट करते हुए हाईवे किनारे साइकिल मिस्त्री की दुकान तक आए और फिर तमंचे निकालकर एक-दूसरे को गोली मार दी। इरशाद के पेट में गोली लगी, जबकि जाहिद के हाथ में लगकर निकली गोली पीठ से रगड़ती हुई निकल गई। आसपास के दुकानदारों की सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी राकेश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने इरशाद को निजी अस्पताल और जाहिद को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। इरशाद की हालत चिंताजनक बनी हुई है। देर रात उसका ऑपरेशन किया जा रहा था। जाहिद को खतरे से बाहर बताया गया है।
रिपोर्ट का मजमून
इरशाद के भाई इश्तियाक की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि इरशाद अकेला ही भिड़ौलिया मोड़ से आ रहा था। तभी वहां खड़े जाहिद ने उसे गालियां दीं। जाहिद उससे काफी समय से रंगदारी मांग रहा था। इरशाद ने रुपये देने से मना किया तो जाहिद ने तमंचे से उसे गोली मार दी। इसके बाद खुद पर हमले की कहानी गढ़ने के लिए अपने हाथ में गोली मार ली। वहीं, जाहिद के भाई मुशाहिद की ओर से दर्ज मामले में इरशाद पर जाहिद को घर से बुलाकर ले जाने और गोली मारने का आरोप लगाया गया है। मुशाहिद का कहना है कि इरशाद कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसे पहले भी गोली लग चुकी है।
दोनों एक-दूसरे के परिचित हैं। जानकारी मिली है कि नशे की हालत में उन्होंने एक-दूसरे को गोली मारी है। पुलिस जांच कर रही है। दोनों ओर से मामला दर्ज किया गया है। - शैलेश पांडेय, एसएसपी