बरेली की दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने अपने एक बयान में कहा कि बाबा रामदेव ने मजहब को आतंकवाद से जोड़ा है। ये सरासर गलत है और हकीकत के खिलाफ है। आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता। हमने मुस्लिम संगठनों द्वारा आतंकवादी गतिविधियों की हमेशा मुखालफत की है और हमेशा करते रहेंगे।
मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने कहा कि बर्मा, डेनमार्क, स्वीडन आदि जगहों पर आतंकवादी गतिविधियां हिंदू, बुद्ध और ईसाई मजहब के मानने वाले कर रहे हैं तो क्या इनकी गतिविधियों की वजह से पूरे मजहब पर इल्ज़ाम लगाना दूरस्थ होगा ? इसलिए आतंकवाद को धर्म से जोड़ कर न देखा जाए। ये एक बीमारी है। इस बीमारी का हम सब मिलकर खात्मा करें।
धीरेंद्र शास्त्री पर भी दे चुके हैं कड़ी प्रतिक्रिया
इससे पूर्व मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों से देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। धर्मांतरण की बात करते हैं। खुले मंच से इस्लाम धर्म के खिलाफ साजिश रचने और मजाक उड़ाने का काम कर रहे हैं। सरकार के इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
बाबा रामदेव ने दिया था यह बयान
धीरेंद्र शास्त्री के बाद मौलाना शहाबुद्दीन ने रामदेव पर निशाना साधा है। बता दें कि पतंजलि योगपीठ में गणतंत्र दिवस पर बाबा रामदेव ने कहा था कि देश में धार्मिक आतंकवाद चल रहा है, जिसका उद्देश्य सनातन संस्कृति को नीचा दिखाना है। यह सब अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र के तहत किया जा रहा है। ऐसे लोगों का पुरजोर विरोध करना चाहिए।