कैंट विधानसभा: महज 3,286 वोटों से जीती भाजपा
कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर दिखी। मुस्लिम बहुल इलाकों में जहां सपा आगे रही, वहीं सुभाषनगर, मढ़ीनाथ आदि जगहों पर मतदाताओं ने भाजपा को पसंद किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के संजीव अग्रवाल को 98,931 वोट मिले थे।
सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन की पत्नी सुप्रिया ऐरन तब कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ी थीं। उन्हें 88,163 वोट मिले थे। 10,768 वोटों से भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीता था। लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा और कम हो गया। भाजपा, सपा से महज 3,286 वोट ही ज्यादा पा सकी। भाजपा के छत्रपाल गंगवार को 95,940 वोट मिले तो सपा के प्रवीण सिंह ऐरन ने 92,654 वोट हासिल किए।
मीरगंज से छत्रपाल को निर्णायक बढ़त
विधानसभा के मतदाताओं ने ही रखी। यहां छत्रपाल को 27,034 वोटों की बढ़त मिली जो निर्णायक रही। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी यहां भाजपा के डॉ. डीसी वर्मा जीते थे। उन्हें 1,16,435 वोट मिले थे, जबकि सपा के सुल्तान बेग को 83,955 वोट मिले थे। तब भाजपा 32,480 वोटों से जीती थी।
लोकसभा चुनाव में भी यहां भाजपा का जादू चला। छत्रपाल गंगवार को 1,20,977 वोट, जबकि सपा के प्रवीण सिंह ऐरन को 93,943 वोट मिले। इसके पीछे माना जा रहा है कि मुस्लिमों ने मतदान में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई, जबकि भाजपा के सभी वर्गों का वोट मिला।
भोजीपुरा : 12,870 वोटों से आगे रही सपा
भोजीपुरा में सपा के प्रवीण सिंह ऐरन ने छत्रपाल गंगवार पर 12,870 वोटों से बढ़त बनाई। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में भी यहां सपा का पलड़ा भारी रहा था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के शहजिल इस्लाम को 1,19,402 मत, जबकि भाजपा के बहोरन लाल मौर्य को 1,09,993 वोट मिले थे। शहजिल इस्लाम 9,409 वोटों से जीते थे।
भोजीपुरा विधानसभा में शहजिल व उनके पिता इस्लाम साबिर का काफी दबदबा माना जाता है। इस लिहाज से यहां सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन की जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। लोकसभा चुनाव में भाजपा के छत्रपाल गंगवार को यहां 1,18,275 वोट मिले, जबकि सपा के प्रवीण सिंह ऐरन ने 1,31,145 मत हासिल किए। तमाम कोशिशों के बाद भी भाजपा यहां बढ़त नहीं बना सकी।
नवाबगंज विधानसभा : 904 वोटों से पिछड़े छत्रपाल
भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में मामूली अंतर से पिछड़ गए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा प्रत्याशी डॉ. एमपी आर्य 9,237 वोटों से जीते थे। उन्हें 1,11,113 वोट पड़े थे, जबकि सपा के भगवत सरन गंगवार को 1,01,876 वोट पड़े थे। लोकसभा चुनाव में यहां कांटे की टक्कर रही। नवाबगंज में भाजपा के छत्रपाल गंगवार को 1,06,279 जबकि सपा के प्रवीण सिंह ऐरन को 1,07,183 वोट मिले। सपा यहां भाजपा से 904 वोट से आगे रही।
नवाबगंज कुर्मी बहुल क्षेत्र है। छत्रपाल गंगवार भी इसी बिरादरी से आते हैं। इसी लिहाज से यहां भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा था, लेकिन जब वोट खुले तो तस्वीर बदल गई। मुस्लिमों के अलावा यहां सपा दूसरी बिरादरियों में पैठ बनाने में कामयाब रही। सपा के भगवत सरन गंगवार की भी यहां अच्छी पकड़ हैं। यहां से सपा को इसका भी फायदा मिलने की बात कही जा रही है।