फायरिंग करने वाले 55 लोगों की पहचान
फायरिंग मामले में आसपास के सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। इनमें से अधिकतर बंद मिले। घटना के वक्त 25 कैमरे चालू थे। इनकी फुटेज के अलावा वायरल वीडियो देखकर 55 आरोपी चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें से अधिकतर आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद करके फरार हैं। मुकदमे में इनके नाम खोले जा रहे हैं।
पीलीभीत बाइपास पर फायरिंग मामले में वीडियो व फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसमें सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी व मुखबिरों की मदद भी ली जा रही है। पुलिस की टीमें शाम को एसओजी के साथ बैठकर फुटेज में आरोपियों की पहचान कर रही हैं, ताकि मुकदमे में उनके नाम खोले जा सकें।
जांच में सामने आया था कि आदित्य के बेटे ने गुस्से में गोलीबारी कर रहे लड़कों पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी। अब एक और वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से आदित्य को कुचलने की कोशिश करती है। इसके बाद एक बदमाश घायल रोहित को कंधे पर उठाकर इसी कार में डालता है। इसके बाद बदमाश कार लेकर फरार हो जाते हैं। माना जा रहा है कि ये राजीव गुट की कार है।