बरेली मंडल के एलटी ग्रेड के छह शिक्षकों की डिग्री फर्जी पाए जाने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने नोटिस देकर तलब किया है। नोटिस के जवाब के बाद इन शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। इससे पहले 25 शिक्षकों की डिग्री फर्जी मिलने पर उनकी नियुक्ति निरस्त कर एफआईआर कराई जा चुकी है।
फर्जी डिग्री पर शिक्षक की नौकरी हथियाने वालों का खुलासा लगातार हो रहा है। इस बार छह शिक्षक पकड़े गए हैं। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्योलड़िया की एलटी ग्रेड शिक्षक रेखा रानी, राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरौला शाहजहांपुर की शिक्षक सुधा अरुण, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परौधी बरेली के संजीव सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसबा शाहजहांपुर के शिक्षक विष्णु कुमार सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ी लालपुर शाहजहांपुर के शिक्षक अशोक कुमार और राजकीय उच्चतर माध्यमिक नौबाई शाहजहांपुर के शैलेंद्र यादव की स्नातक और बीएड की डिग्री फर्जी पाई गई। इन सभी ने राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद की डिग्री लगाई है। जो सत्यापन में फर्जी पाई गई है। सत्यापन की रिपोर्ट आने के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) शिव प्रकाश द्विवेदी ने शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। शिक्षकों के जवाब के बाद उन पर एफआईआर दर्ज करने के साथ ही नियुक्ति भी निरस्त होगी।