बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दिशानिर्देश के तहत बरेली कॉलेज की प्रवेश समिति ने प्रवेश प्रक्रिया का एक चरण पूरा कर लिया है। अब दूसरे चरण में परास्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को स्नातक की लगभग सभी सीटें भरने के बाद प्रवेश समिति की ओर से पांचवीं मेरिट जारी न करने का निर्णय लिया गया।
बरेली कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम की लगभग सभी सीटों पर प्रवेश शुक्रवार शाम तक पूरे हो गए। जारी आंकड़ों के अनुसार ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटों के अलावा अन्य सभी सीटें भर गईं हैं। बीए की सीटें पहले ही भर जाने से पांचवीं मेरिट जारी नहीं की गई थी। लिहाजा, अब बरेली कॉलेज प्रवेश समिति ने परास्नातक में प्रवेश की तैयारी शुरू कर दी है। प्रवेश समन्वयक डॉ. वीपी सिंह के मुताबिक, स्नातक की लगभग सभी सीटें फुल हो गई हैं, इसलिए अब परास्नातक में प्रवेश को आवेदन के लिए जल्द पोर्टल खोला जाएगा। उन्होंने परास्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अपने सभी प्रमाणपत्र तैयार रखने का सुझाव दिया है, ताकि प्रवेश के दौरान उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में अब तक 1.37 लाख विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है।
एक लाख विद्यार्थियों का जमा है पंजीकरण शुल्क
जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एक लाख से ज्यादा विद्यार्थियों का प्रवेश पंजीकरण शुल्क भी जमा हो चुका है। स्नातक की करीब 1.75 लाख सीटें अभी खाली हैं। रिकॉर्ड के अनुसार सर्वाधिक प्रवेश बीए में करीब 84 हजार और बीएससी में 31500 हुए हैं। बरेली कॉलेज में शुक्रवार तक बीए, बीएससी, बीकॉम की 4928 सीटों में से 4599 सीटों पर प्रवेश हो गए थे।
किस पाठ्यक्रम की, कितनी सीटों पर हुए प्रवेश
बरेली कॉलेज में बीएससी गणित में 880 सीटों में 856, बीएससी जीवविज्ञान में 720 में 696, बीकॉम में 1040 में 1031 और बीए में 1840 में से 1833 सीटों पर प्रवेश हुए। बीएससी गणित में 59, बीएससी जीव विज्ञान में 24, बीकॉम में नौ और बीए में सात सीटें बाकी हैं। इनमें ईडब्ल्यूएस की ज्यादा सीटें हैं। बीएससी गणित की ईडब्ल्यूएस की 88 में से 29 सीटों पर, बीएससी जीव विज्ञान की 72 में 37, बीकॉम में 104 में 29 और बीए में 184 में से 88 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। बीएससी गणित की ईडब्ल्यूएस की 59, जीव विज्ञान की 35, बीकॉम की 75 और बीए की 96 सीटें अभी खाली हैं।