बरेली। बरेली कॉलेज में वरिष्ठता दरकिनार कर डॉ. अनुराग मोहन को प्राचार्य बनाने के मामले में आज बुधवार से जांच शुरू होगी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी (आरएचईओ) इस प्रकरण को लेकर आज डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से मुलाकात कर आगे की कार्रवाई तय करेंगे। वहीं, डीएम भी बुधवार को बिना किसी सूचना के प्राचार्य बदलने और वरिष्ठता दरकिनार करने को लेकर प्राचार्य, पूर्व प्राचार्य एवं प्रबंध समिति को नोटिस जारी करेंगे।
पिछले कई दिन से बरेली कॉलेज में वरिष्ठता दरकिनार कर प्राचार्य पद पर डॉ. अनुराग मोहन की तैनाती को लेकर घमासान मचा है। निवर्तमान प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने अपने रिटायरमेंट से दस दिन पहले ही अचानक उन्हें चार्ज सौंप दिया। इसकी जानकारी न तो कॉलेज कमेटी के अध्यक्ष एवं डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह को दी गई और न ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेेश प्रकाश को। विश्वविद्यालय प्रशासन भी पूरे मामले से अनजान है। इसी बीच डॉ. पूर्णिमा अनिल ने कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल और डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से अपनी वरिष्ठता दरकिनार कर अन्याय किए जाने की बात कही। इस पर डीएम ने प्राचार्य, पूर्व प्राचार्य एवं प्रबंध समिति को नोटिस जारी कर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से जांच कराने की बात कही थी। कई दिन की छुट्टी के बाद बुधवार को ऑफिस खुल रहे हैं और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी भी इस मामले को लेकर डीएम से मुलाकात करेंगे।
कहीं लटक न जाए कार्रवाई
इस मामले में कार्रवाई को लेकर अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय की ओर से अब तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। ऐसे में भी बरेली कॉलेज के कुछ शिक्षकों का कहना है कि जांच के नाम पर मामला लटकाया भी जा सकता है क्योंकि अब डॉ. पूर्णिमा अनिल के रिटायरमेंट में भी बहुत ज्यादा समय नहीं है।
डॉ. पूर्णिमा ने अब तक मुझे कोई प्रत्यावेदन नहीं दिया है। बुधवार को मैं डीएम से मुलाकात कर बरेली कॉलेज प्रकरण पर बातचीत करूंगा और इस मामले में जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
- डॉ. राजेश प्रकाश, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी