आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट, जमानत पर रिहा
जिले में 51 केंद्रों पर हुई सीडीएस और एनडीए की परीक्षा
बरेली। जिले में 51 केंद्रों पर रविवार को तीन पालियों में सीडीएस और एनडीए की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान बरेली कॉलेज में विशाल यादव नाम का छात्र मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया। बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसे वहीं से जमानत दे दी गई।
विशाल यादव बरेली कॉलेज के कक्ष संख्या 124 में परीक्षा के दौरान मोबाइल से नकल कर रहा था और अपने एडमिट कार्ड पर भी कुछ लिखकर ले गया था। सचल दस्ते ने उसे पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया। केंद्र पर्यवेक्षक शैव्या त्रिपाठी की ओर से उसके खिलाफ तहरीर दी गई थी। विशाल बदायूं में थाना जरीफनगर के गांव उस्मानपुर का निवासी है। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि उसके खिलाफ परीक्षा में अनुचित साधन प्रयोग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद थाने से ही जमानत दे दी गई।
40 प्रतिशत ने छोड़ी एनडीए की परीक्षा
एनडीए की परीक्षा 41 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह दस से दोपहर 12.30 बजे तक पहली पाली में 13233 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 5004 ने परीक्षा छोड़ दी। इसके बाद अपराह्न दो से साढ़े चार बजे तक दूसरी पाली में 5027 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। पहली पाली में 62.19 प्रतिशत और दूसरी में 62.01 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
सीडीएस में भी आधे परीक्षार्थी रहे गायब
सीडीएस की परीक्षा दस केंद्रों पर आयोजित की गई। इसमें पहली पाली में 4781 अभ्यर्थियों में 2361 और दूसरी पाली में 2362 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। एलीमेंट्री मैथ का तीसरा पेपर सिर्फ पांच केंद्रों पर हुआ, जिनमें 2146 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और 1016 गैर हाजिर रहे।