बरेली। यू-ट्यूब पर वायरल वीडियो में अयोध्या फैसले पर भड़काऊ भाषण देने वाला मौलाना आसिफ अशरफ जलाली बरेली का नहीं बल्कि पाकिस्तान का है। उसने अपने नाम के आगे बरेलवी लगाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी करते हुए कटुता पैदा करने वाला बयान दिया है। राष्ट्र जागरण युवा संगठन की शिकायत पर एसएसपी ने जब जांच कराई तो यह हकीकत सामने आई।
राष्ट्र युवा जागरण संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने विशाल मेहरोत्रा के नेतृत्व में एसएसपी को ज्ञापन दिया। इसमें सोशल मीडिया पर वायरल जलाली के वीडियो को लेकर केस दर्ज करने की मांग की। एसएसपी ने जांच कराई तो पता चला कि जलाली पाकिस्तान का है। चूंकि उसके नाम के आगे बरेलवी लगा था, इसलिए संगठन के लोगों ने आला हजरत दरगाह से जुड़े लोगों से संपर्क किया। वहां भी सभी ने इस कथित मौलाना के बयान की निंदा की। संगठन के प्रतिनिधिमंडल में अमित भारद्वाज, सौरभ शर्मा, सचिन गुप्ता एडवोकेट, पंकज मिश्रा, सुनील पांडे, नीतू सिंह, संजीव, सुदेश गुप्ता आदि शामिल थे।