सीसीटीवी कैमरे पर लगा दिया था टेप, नहीं दिखे बदमाशों के चेहरे, एटीएम रूम मेें मिला गैस कटर
आंवला। एटीएम काटने की घटना पुलिस चौकी से बमुश्किल सौ मीटर की दूरी पर हुई। पुलिस को इस घटना के बारे में अभी कोई ठोस सुराग तो नहीं मिला है लेकिन फिलहाल इस वारदात में ककराला (बदायूं) के बदमाशों का हाथ होने का शक जताया जा रहा है। बदमाशों की तलाश में क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है जो ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।
एटीएम काटने की घटना का कुछ हिस्सा सीसीटीवी फुटेज में भी है लेकिन बदमाशों के कैमरे पर टेप चिपका देने की वजह से उसमें उनके चेहरे साफ नहीं हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाश एटीएम को गैस कटर से काट रहे थे। जब वे उसका कुछ हिस्सा काट चुके थे तभी दरोगा प्रवीण कुमार वहां पहुंच गए। उन्होंने बाहर खड़े एक बदमाश को टोका तो हाथापाई शुरू हो गई और इसके बाद बदमाश उन्हें गोली मारकर भाग निकले। पुलिस इस वारदात में बदायूं के ककराला इलाके के बदमाशों पर शक जता रही है।
पुलिस के मुताबिक ककराला में एटीएम काटने वाले बदमाशों का गैंग है जो आमतौर पर गैस कटर से ही एटीएम काटने की वारदातें करता है। पुलिस छानबीन के साथ बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
आईजी और एसएसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना पर रात में ही आईजी रमित शर्मा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मिशन अस्पताल पहुंचे। उन लोगों ने दरोगा के इलाज की व्यवस्था कराई और डॉक्टर से बात करने के बाद करीब एक घंटे तक वहां मौजूद रहे। बुधवार सुबह प्रवीण कुमार के बड़े भाई अभिजेंद्र के साथ उनके परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। बिजली विभाग में कार्यरत अभिजेंद्र ने बताया कि प्रवीण 1998 में पुलिस में भर्ती हुए थे और 2017 में दरोगा बने। उनके परिवार में पत्नी मंजू और दो बेटे मीतू व हर्ष हैं।
ड्यूटी से नदारद थी पुलिस पिकेट
कस्बा आंवला में भूमि विकास बैंक के पास रोजाना ही पुलिस पिकेट लगती है। बताया जाता है कि मंगलवार रात किसी वजह से यहां पिकेट नहीं लगाई गई और उसका फायदा उठाकर बदमाशों ने एटीएम लूटने की कोशिश कर डाली।
कुख्यात हैं ककराला के एटीएम कटर
बदायूं में ककराला कस्बे के बदमाश लॉकर काटने, एटीएम चोरी करने और गैस कटर से काटने के लिए कुख्यात हैं। उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और राजस्थान समेत कई प्रदेशों में इस गैंग के कारनामे सामने आ चुके हैं। करीब चार साल पहले एसटीएफ ने इस गैंग को पकड़कर एटीएम लूटने और काटने की कई घटनाओं का खुलासा किया था।
पहले भी हुईं एटीएम लूट और चोरी की घटनाएं
- - अप्रैल 2021 में प्रेमनगर में पीएनबी के एटीएम में लूट करने की कोशिश के दौरान चार बदमाश गिरफ्तार हुए थे।
- - जून 2020 में इज्जतनगर के नार्थ सिटी में बदमाश एटीएम काटते पकड़ गए थे, उन्होंने इंटरनेट पर एटीएम काटना सीखा था।
- - सितंबर 2020 में बदमाशों ने प्र्रेमनगर में एचडीएफसी बैंक के एटीएम को कार में बांधकर उखाड़ ले जाने की कोशिश की लेकिन पुलिस पहुंचने के चलते भागना पड़ा।
- - दिसंबर 2019 में सिविल लाइंस में चोरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से रुपये चुराने की कोशिश की, कामयाबी न मिलने पर मशीन को तोड़ दिया।
- - मार्च 2019 में बदायूं के दातागंज तिराहे स्थित एटीएम को चोर गैस कटर से काट रहे थे लेकिन इसी बीच फॉल्ट होने पर उन्हें भागना पड़ा।
- - जुलाई 2018 सीबीगंज में बदमाशों ने एसबीआई का एटीएम तोड़ने के बाद उसका एक बॉक्स भी निकाल लिया था।
- - करीब पांच साल पहले शीशगढ़ के गांव सहोड़ा में लगे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को बदमाश उखाड़ ले गए थे, जिसमें 15 लाख रुपये थे।
- - नवंबर 2013 में बीआई बाजार में आईसीआईसीआई के एटीएम काटकर 24 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे।
- - जुलाई 2010 में शाहजहांपुर में तीन सिपाही एटीएम उखाड़ ले गए थे, जिसमें करीब नौ लाख रुपये थे। एटीएम पुलिसकर्मी के घर से बरामद हुआ था।