बरेली। सरकारी चावल हड़पने वाली मंडल की तीन राइस मिलों की संपत्ति कुर्क कर रिपोर्ट दर्ज करानेे के बाद अब खाद्य विभाग वसूली की तैयारी में जुट गया है। देनदारी वसूलने के लिए विभाग तीनों राइस मिलों को नीलाम कराएगा। मंडल की तीनों राइस मिलों से विभाग को 10.55 करोड़ रुपये की वसूली करनी है।
कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) को एफसीआई गोदाम भेजने के बजाय मंडल की तीन राइस मिलों ने हड़प लिया था। चावल की कीमत वसूलने के लिए बीते दिनों ही इन राइस मिलों की संपत्ति सीज की गई थी। हाल ही सभी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी राममूर्ति वर्मा ने बताया कि पूरनपुर (पीलीभीत) की जसवंती राइस मिल ने 4.25 करोड़, तिलहर (शाहजहांपुर) की गोविंद राइस मिल ने 2.16 करोड़ और फतेहगंज पूर्वी की मैसर्स साद इंपेक्स राइस मिल ने 4.14 करोड़ रुपये की कीमत का चावल हड़प लिया है। इस रकम की वसूली के लिए अब इन राइस मिलों की नीलामी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि चालू खरीद सत्र के लिए इन राइस मिलों को पहले ही ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है।