नवाबगंज/क्योलड़िया। ग्राम प्रधान वीरमती की शिकायत पर सिठौरा गांव में जांच को पहुंचे दरोगा सुनील कुमार और सिपाही धर्मेंद्र कुमार पर हारे हुए प्रत्याशी हरपाल ने हमला कर दिया। मारपीट कर दोनों की वर्दी फाड़ दी। इस मामले में पुलिस ने हरपाल को गिरफ्तार कर, उसके समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्योलड़िया की नवनिर्वाचित प्रधान वीरमती ने गांव के ही झोलाछाप हरपाल को 17 मतों से हराया था। ग्राम प्रधान का आरोप है कि हार के बाद से ही झोलाछाप आए दिन गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देता रहता है। परेशान होकर उन्होंने थाना क्योलड़िया में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर शुक्रवार दोपहर दरोगा सुनील कुमार और सिपाही धर्मेंद्र कुमार जांच के लिए गांव जा रहे थे। जब वे गांव के प्राथमिक स्कूल के पास पहुंचे तो वहां हरपाल रास्ते में ही खड़ा मिल गया। दरोगा ने उससे कहा कि थाने चलो, तुम्हारे खिलाफ शिकायत आई है और थाना प्रभारी ने बुलाया है। इतना सुनते ही हरपाल गुस्से से आग बबूला हो गया और अभद्रता करने लगा। उन्होंने सख्ती दिखाई तो वह अपने परिवार के साथ उनसे उलझ गया। मारपीट करते हुए आरोपियों ने दरोगा और सिपाही की वर्दी फाड़ दी। दरोगा ने इसकी सूचना थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही को दी तो वह कुछ ही देर में फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और हरपाल को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दरोगा सुनील कुमार की ओर से हरपाल, गायत्री देवी, मुन्नी देवी, नन्हेलाल, करुणा और तेजराम के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और वर्दी फाड़ने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।