सद्दाम बरेली में रहकर जेल में बंद अशरफ के मददगार के तौर पर काम कर रहा था। सद्दाम को बरेली पुलिस की एसआईटी समेत बरेली, लखनऊ व प्रयागराज की एसटीएफ भी खोज रही है। सद्दाम की गिरफ्तारी न होने पर उसका गैर जमानती वारंट भी बिथरी पुलिस ने जारी करा लिया है।
महीने भर में सद्दाम न मिला तो पुलिस प्रयागराज में उसके घर जाकर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करेगी। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि इसके लिए समय अवधि के हिसाब से विवेचक के जरिये कोर्ट में आवेदन किया जाएगा।
वहीं इससे पहले अशरफ के साले सद्दाम पर बरेली रेंज के आईजी ने इनाम बढ़ाकर 25 से 50 हजार रुपये करने की मंजूरी दी थी। आरोप था कि जेल के बाहर से अशरफ का साला सद्दाम व गुर्गा लल्ला गद्दी समेत कई लोग खाने-पीने के इंतजाम करते थे व अवैध मुलाकातें कराते थे।
इसके बाद इन सभी का नाम भी केस में दर्ज हुआ था और दो जेल वार्डर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। सद्दाम, लल्ला गद्दी और अशरफ के अन्य मददगारों के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।