जिला उद्योग केंद्र का सहायक प्रबंधक कौशल श्रीवास्तव पांच लाख रुपये का लोन दिलाने के बदले पांच हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। एंटी करप्शन की टीम उसे कोतवाली लाई। वहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज करा दिया गया।
विज्ञापन
गुलाबराय इंटर कॉलेज के पीछे मोहल्ला सुर्खा निवासी रितु सक्सेना ने इस मामले में पुलिस लाइन गेट स्थित एंटी करप्शन के दफ्तर में शिकायत की थी। उन्होंने टीम को बताया था कि उनका जिला उद्योग कार्यालय से पांच लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इसकी पहली किश्त जारी हो गई है। इसमें 25 प्रतिशत के हिसाब से सब्सिडी दिलाने के बदले जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक कौशल श्रीवास्तव ने उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। ऐसा न होने पर सब्सिडी न मिल पाने की चेतावनी दी।
एंटी करप्शन सीओ यशपाल के नेतृत्व में टीम अलर्ट हो गई। ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बुधवार दोपहर बाद जिला उद्योग केंद्र जाकर कौशल श्रीवास्तव को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम कौशल को लेकर कोतवाली पहुंची। यहां उससे काफी देर पूछताछ की गई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को उसे जेल भेजा जाएगा।