बहेड़ी/आंवला/मीरगंज/नवाबगंज। विजयादशमी पर जगह-जगह रामलीला मैदान में जय श्रीराम के उद्घोष के साथ रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान यह देखने काफी संख्या में लोग उमड़ पड़े। लोगों ने बुराई का रास्ता छोड़कर अच्छाई के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
बहेड़ी में रामलीला में अयोध्या से आए कलाकारों ने विशेष प्रस्तुति दी। कलाकारों ने स्वर्ण मृग के छल से सीता हरण, जटायु के बलिदान, हनुमान जी द्वारा अशोक वाटिका में सीता की खोज और लंका दहन, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध में लक्ष्मण के मूर्छित होने और हनुमान जी द्वारा संजीवनी लाने से लेकर प्रभु श्रीराम और अहंकारी रावण के अंतिम युद्ध तक के सभी प्रसंगों का सजीव मंचन किया। कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को भावुक और रोमांचित कर दिया।
जैसे ही श्रीराम ने रावण का वध किया, पूरा मैदान जयकारों से गूंज उठा और आतिशबाजी के बीच रावण का पुतला जल उठा। इस मौके पर एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार का मेला कमेटी के अध्यक्ष भानु प्रताप, नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह आदि मौजूद रहे।
आंवला के मोहल्ला बाग बख्शी में चल रहे श्री रामलीला दशहरा मेला में मंगलवार दिन में अयोध्या से आए हुए कलाकारों द्वारा श्रीराम-रावण के बीच युद्ध की लीला का मंचन किया गया। इसमें रावण के अहंकार का प्रदर्शन किया गया। रावण के पुतले के दहने के दौरान पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, कमेटी के अमित कुशवाह, संजय अग्रवाल बौबी, अनिल कश्यप, रामनिवास मौर्य, दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद
======
धू धू कर जला कुंभकर्ण का पुतला
नवाबगंज। रामलीला मंचन में मंगलवार को कुंभकर्ण का पुतला आतिशबाजी के साथ धू धू कर जल उठा। कस्बे के पनघैली नदी के किनारे राम लीला का मंचन किया गया। इस मौके पर विधायक डॉ. एमपी आर्य, मेला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह गंगवार, संजोग गुप्ता, शैलेंद्र शर्मा, सुरेंद्र कटियार आदि लोग मौजूद रहे।
-
बिशारतगंज में बुधवार को लगेगा मेला
बिशारतगंज/रामनगर/गुलड़िया। कस्बे में चल रही 11 दिवसीय श्रीराम लीला में दशहरा मेला बुधवार को मेला ग्राउंड में लगेगा। मेला कमेटी अध्यक्ष मुनेंद्र गौतम ने बताया कि बुधवार शाम को राम-रावण युद्ध की लीला के बाद रावण का पुतला दहन किया जाएगा। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर पूजन किया। क्षत्रिय समाज की ओर से शस्त्र पूजन किया गया। रामनगर के गांव हरदासपुर में चल रही आदर्श रामलीला में मंगलवार को रावण वध की लीला का मंचन किया गया। लीला के दौरान कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। गुलड़िया में जगह-जगह लोगों ने विजयदशमी का पर्व मनाया।
-
आरएसएस ने निकला पथ संचलन
भोजीपुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से भोजीपुरा के मकरंदापुर रोड स्थित मैदान पर पथसंचलन निकाला गया। मुख्य वक्ता के रूप में जिला धर्म जागरण प्रमुख बद्रीप्रसाद, खंड संघचालक प्रहलाद सिंह यादव सहित आदि मौजूद रहे। फतेहगंज पूर्वी में सरस्वती शिशु मंदिर में आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आरएसएस के सुरेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ।