गणतंत्र दिवस के अवसर पर बरेली कॉलेज की दो एनसीसी कैडेट्स कर्तव्य पथ पर मार्च पास्ट करती नजर आएंगी। उनका चयन 27 दिसंबर से आयोजित शिविर में हुआ था। इसमें देशभर से दो हजार से अधिक कैडेट प्रशिक्षण ले रहे हैं।
विज्ञापन
बरेली कॉलेज बी यूनिट की कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट वंदना शर्मा ने बताया कि कैडेट मानसी राणा और अंशिका श्रीवास्तव दोनों सीनियर अंडर ऑफिसर हैं। वे गणतंत्र दिवस शिविर में हिस्सा लेकर कर्तव्य पथ पर मार्च पास्ट करने वाले एनसीसी के स्क्वॉड का हिस्सा बनेंगी। अंशिका एमएससी प्रथम वर्ष तो मानसी बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने इसे गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि वापस आने पर दोनों कैडेट्स को कॉलेज स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश शाह, प्रबंध समिति के सचिव देव मूर्ति, मेजर इंदु मिश्रा आदि ने उनको शुभकामनाएं दी हैं।