बरेली के स्वालेनगर स्थित सिटी बस डिपो परिसर में 100 बसों की क्षमता वाले एक और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण होगा। साथ ही, स्मार्ट सिटी के जोनल ऑफिस का निर्माण भी कराया जाएगा। मंगलवार को सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की टीम ने सिटी बस डिपो पहुंचकर इसके लिए जमीन की पैमाइश की।
सिटी बस सर्विसेज के तहत अभी चार रूटों पर 25 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। इनकी संख्या बढ़ाकर 100 की जानी है। दूसरी ओर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का ऑफिस भी नगर निगम में चल रहा है। इसे स्वालेनगर में शिफ्ट करने के साथ ही वहां ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
निर्माण का जिम्मा सीएंडडीएस को दिया गया है। सिटी बस सर्विसेज के सूत्रों ने बताया कि 25 नई ई-बसें जल्द मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर उनके संचालन के लिए रूट तय किए जा रहे हैं। चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद नई ई-बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा।