क्यारा ब्लॉक में ड्यूटी के बाद लौट रही थी घर, ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
बरेली। क्यारा ब्लॉक से ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के लिए भौआपुर तिराहे पर टेंपों में बैठ रही एक एएनएम को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक का पीछा कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। परिवार को सूचना देने के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कैंट के कांधरपुर निवासी अरुण वर्मा की एएनएम पत्नी रजनी वर्मा क्यारा ब्लॉक के धारूपुर ठकुरान गांव में तैनात थीं। शुक्रवार को वह गांव में टीकाकरण करने के साथ वैक्सीन वाली गाड़ी से ही बिथरी निवासी एक साथी एएनएम के साथ लौट रही थीं। रास्ते में भौवापुर चौराहे पर वैक्सीन वाली गाड़ी से उतरकर सड़क पार करने के बाद टेंपो में बैठते वक्त एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास ही सड़क किनारे खड़े गांव के ही इंद्रजीत भी ट्रक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनसे साथ मौजूद टेंपो में बैठ चुकी अन्य एएनएम ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक को घेरकर ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजने के बाद ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।