बरेली। डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से विंटर इंटर स्कूल व ओपन डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित स्मार्ट सिटी हॉल में किया गया।
इसमें अंडर-19 बालक एकल वर्ग में अमन सिंह ने युवराज जोशी को 21-16, 19-21 व 26-24 से हराकर खिताब जीत लिया। बालिका वर्ग में अनुष्का चौधरी ने नेहा को 21-10, 21-09 से हराया। अंडर-11 बालक एकल के फाइनल में मनप्रीत ने शुभ सिंघल को हराया। अंडर-17 बालक एकल के फाइनल में युवराज जोशी ने अमन सिंह को 21-11, 21-16 से हराया।
पुरुष एकल में विशाल सिंह ने युवराज जोशी को 21-12, 21-19 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। पुरुष युगल में विशाल-गर्वित की जोड़ी ने नित्यांशु-विशाल सिंह की जोड़ी को 21-11, 21-17 से हराया। मुख्य अतिथि कमिश्नर सौम्या अग्रवाल व कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जिला बैडमिंटन संघ के प्रयास को भी सराहा। सचिव अनिल मेहरोत्रा के अनुसार अतिथियों ने विजेताओं व उपविजेताओं को शील्ड व 40 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान अध्यक्ष डीएल खट्टर, उपाध्यक्ष श्री कुमार अग्रवाल, पवन अग्रवाल, जफर अहमद खान, आरएसओ जितेंद्र यादव, विष्णु शंकर शर्मा, हिमांक आदि मौजूद रहे। संवाद