एलायंस बिल्डर : संपत्ति खुर्दबुर्द करने में जुटे भूमाफिया
एलायंस बिल्डर अब भूमाफिया के तौर पर पंजीकृत हो चुके हैं। किसी जमाने में एलायंस बिल्डर्स के लोगों का सत्ता के शीर्ष तक दबदबा था। एलायंस बिल्डर्स पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू होने के बाद अब इससे जुड़े भूमाफिया अपनी बची हुई संपत्ति बचाने की जुगत भिड़ा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो एलायंस के मालिकों को वक्त के साथ हालात बदलने की उम्मीद है। वह अपने नाम की संपत्ति दूसरों के नाम करके व पार्टनरों को बचाने में जुटे हैं। एलायंस बिल्डर्स पर शिकंजा कसने के बाद भूमाफिया ने संपत्ति बचाने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें उनकी जमीनें और संपत्ति चिन्हित कर रही हैं।
इधर, फर्मों से जुड़े लोग लखनऊ तक सेटिंग करने में लगे हैं। एलायंस बिल्डर्स के विदेश में निवेश करने की जांच ईडी को मिलने पर भूमाफिया संपत्ति संबंधी दस्तावेज भी छिपाने में लगे हैं। खाड़ी देशों में कंपनी और उसके पार्टनरों का रुपया कहां निवेश किया गया है उससे संबंधित दस्तावेज भी एलायंस बिल्डर्स के लोग अपने घरों और दफ्तरों से हटाने में जुट गए हैं।