बरेली। मतदाता सूचियों से नाम काटे जाने के आरोपों पर प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि कोई भी आरोप प्रमाण के साथ लगाना चाहिए। विपक्ष के पास इसका कोई ठोस प्रमाण नहीं है। किसी का नाम नहीं है या कट गया है तो उसे शिकायत करने का अधिकार है। इसके बावजूद नाम नहीं जुड़ता है तो आवाज उठाएं, पर बिना तथ्यों की जांच के आरोप लगाना उचित नहीं है।
भाजपा की ओर से युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत प्रभारी मंत्री शहर विधानसभा क्षेत्र के हरमिलाप मंडल स्थित सेंट फ्रांसिस पब्लिक स्कूल पहुंचे। यहां बूथ संख्या 203 पर बूथ अध्यक्ष विशाल, बीएलए-2 राजीव कश्यप और बीएलए-1 सतीश शर्मा के साथ उन्होंने फॉर्म-6 भरवाकर जमा कराए। दावा किया कि यहां 12 बूथ हैं और सभी पर पांच से दस फॉर्म जमा हुए हैं। राममिलन नाम के एक व्यक्ति का उदाहरण देते हुए बताया कि उसका पहले मतदाता सूची में नाम था, लेकिन अब नहीं है। माता-पिता का निधन हो चुका है, शादी भी नहीं हुई है।
पहली बार मतदाता बनने वाले निखिल कश्यप, राधा कश्यप, इंदिरा कुमारी को प्रभारी मंत्री ने गुलदस्ता भेंट किया। उन्होंने कहा, लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। ऐसे लोगों को भी सामने लाना चाहिए जो राशन कार्ड से हर महीने राशन उठा रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलशन आनंद, महानगर उपाध्यक्ष रामचंद्र मौर्य, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. विमल भारद्वाज, बंटी ठाकुर, अतुल कपूर, मोहित सक्सेना समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
छूटे वोटर तलाशेंगे भाजपाई, दो दिन और चलेगा अभियान
प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने सर्किट हाउस में भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि जिन मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं, उन्हें चिह्नित कर नाम दोबारा जुड़वाना है। इसके लिए बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक, सभी नेता किसी न किसी बूथ पर मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सूची में नाम की स्थिति जांचने के निर्देश दिए। बताया कि सोमवार और मंगलवार को भी भाजपा के छोटे-बड़े नेता बूथों पर जाकर ऐसे मतदाता तलाश करेंगे, जिनके नाम छूट गए हैं। इसके अलावा 28, 29 व 30 नवंबर को महिला मतदाता को जोड़ने के लिए महिला मोर्चा की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा।