बहेड़ी। मिड-डे-मिल में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताएं बरतने बरतने के आरोपों को लेकर ब्लाॅक दमखोदा का प्राथमिक विद्यालय, तेजनगर चर्चे में है। विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पर लगे इन आरोपों को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई। इसकी जांच को खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालय पहुंचे। जांच में विद्यालय में कई वर्षों से कोई काम न कराने समेत कई गड़बड़ी सामने आई है।
बरेली सिविल लाइंस निवासी संजय प्रताप सिंह ने गत वर्ष अक्तूबर माह में बेसिक शिक्षा मंत्री एवं स्कूल महानिदेशक शिक्षा लखनऊ से शिकायत की थी। अब फिर बेसिक शिक्षा निदेशालय से शिकायत की है। इसमें प्राथमिक विद्यालय तेजनगर की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका वीरवती द्वारा बरती जा रही गंभीर अनियमितताओं का जिक्र किया गया है।
शासन से हर वर्ष विद्यालय के रखरखाव के लिए आने वाली धनराशि (कंपोजिट ग्रांट) में वित्तीय अनियमितताएं बरतते हुए कोई काम न कराए जाने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। मिड-डे-मिल वितरण में गड़बड़ी करने का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा एक गंभीर आरोप यह भी है कि जो विद्यार्थी कक्षा पांच पास कर स्कूल से चले जाते हैं, उन्हीं का दोबारा से पंजीकरण कराकर सरकारी धन में गोलमाल किया जा रहा है।
शिकायतपत्र में शिकायतकर्ता ने 2015 से अब तक मिड-डे-मिल की जांच करने की मांग की है। बीईओ जगदीश कुमार सोमवार को जांच के लिए तेजनगर स्कूल पहुंचे। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका तो 12 मार्च तक सीसीएल अवकाश पर थी। उन्होंने स्कूल का पूरा मुआयना करने के बाद बच्चों से अलग पूछताछ की। संवाद
तेज नगर विद्यालय में जाकर शिकायत की जांच की गई है। अब तक की जांच रिपोर्ट बनाकर जिले के अफसरों को भेज दी गई है।
- जगदीश कुमार, बीईओ, दमखोदा