मुर्गी पालकों ने बढ़ाई सुरक्षा
बिथरी चैनपुर के सिंघई मुर्रावान के फूल सिंह बताते हैं कि मुर्गी के 3300 बच्चे अभी तीन-चार दिन पहले ही मंगाए हैं। इधर, बर्ड फ्लू सुनकर एहतियात के तौर पर ब्लीचिंग पाउडर व चूना छिड़काव कर रहे हैं। दूसरे पोल्ट्री फार्म के व्यक्ति को अंदर नहीं आने दे रहे हैं। गरीबपुरा के दौलत सिंह मुर्गी के 2500 बच्चे पाल रखे हैं। यह 30 दिन के हो गए हैं। बर्ड फ्लू की जानकारी मिलने के बाद से स्थल पर साफ-सफाई बढ़ा दी है। दिन-रात निगरानी रख रहे हैं।
बर्ड फ्लू से बचाव के लिए शासन ने जारी किए निर्देश
बर्ड फ्लू से बचाव के लिए मंगलवार को प्रमुख सचिव पशुधन अमित घोष व निदेशक डॉ. राजीव सक्सेना ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की। कांफ्रेंसिंग के बाद अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. मदन पाल सिंह ने बताया कि निर्देश मिले हैं कि बुधवार तक जिला स्तर पर डीएम एडवायजरी जारी करें। जितने भी पोल्ट्री फार्म या मुर्गी पालक हैं, उनके यहां सतत निगरानी की जाए। प्रतिदिन सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जाए।
जिला व तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित करने के निर्देश हुए हैं। साथ ही तहसील स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम को भी सक्रिय किया गया है। अपर निदेशक ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को ही मंडल के चारों जिलों में सीवीओ को बर्ड फ्लू से बचाव के संबंध में एडवायजरी जारी कर दी है। बता दें कि रामपुर जिले में बिलासपुर के गांव सिहोरा में मेसर्स कप्तान पोल्ट्री फार्म में पिछले दिनों कुक्कुट पक्षियों में एच-5 एन-वन एवियन एंफ्लूएंजा वायरस के पॉजिटिव केस मिले थे।