बेंगलुरु से 10 मिनट देरी से उड़ी एयरबस 155 यात्रियों को लेकर सुबह करीब 11:19 बजे बरेली पहुंची। शनिवार से बरेली-बेंगलुरु फ्लाइट भी शुरू हो गई। सुबह 8:52 बजे बेंगलुरु से उड़कर एयरबस 155 यात्रियों को लेकर बरेली एयरपोर्ट पर करीब 11:19 बजे पहुंची।
फ्लाइट बेंगलुरु से 10 मिनट देरी से उड़कर 10 मिनट पहले एयरपोर्ट पर पहुंची। यात्रियों में अलग ही उत्साह नजर आया। यहां पर इंडिगो की टीम ने यात्रियों का स्वागत किया। वहीं, दोपहर करीब 12:30 बजे बरेली से 121 यात्रियों को लेकर एयरबस ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी।
इस फ्लाइट के शुरू होने पर बरेली मंडल और इसके आसपास के छात्र-छात्राओं के साथ आईटी क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को बड़ा फायदा पहुंचेगा।
बरेली से मुंबई-बेंगलुरु के लिए उड़ान सातों दिन
मुंबई-बरेली-मुंबई के लिए चार दिन सीधी और तीन दिन वाया बेंगलुरु उड़ान उपलब्ध रहेगी। बेंगलुरु-बरेली-बेंगलुरु के लिए तीन दिन सीधी और चार दिन वाया मुंबई हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी। इंडिगो के संशोधित शेड्यूल के मुताबिक बरेली से दोपहर 12.30 बजे एयरबस उड़ान भरेगी जो दोपहर 2.20 बजे मुंबई पहुंचेगी।
पौने दो घंटे बाद शाम 4.40 बजे मुंबई से उड़ान भरकर एयरबस शाम 6.15 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। बरेली से बेंगलुरु के लिए दोपहर 12.30 बजे एयरबस उड़ान भरकर दोपहर 3.20 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। सवा घंटे बाद शाम 4.35 बजे बेंगलुरु से शाम 6.25 बजे एयरबस मुंबई पहुंचेगी।
दिल्ली के लिए भी अब हर दिन फ्लाइट
करीब छह महीने पहले बरेली से दिल्ली के लिए एलायंस एयरलाइन की ओर से सप्ताह में चार दिन के लिए फ्लाइट उपलब्ध कराई गई थी। अब शेष तीन दिनों में भी उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया गया है जो 26 अगस्त से लागू हो जाएगा।