बरेली। फर्नीचर गोदाम का ताला काटकर सारा सामान चोरी करने के आरोप में करमपुर चौधरी के मंसूर, नगरिया कलां के नईम, फहीम और कनीज बानो के खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट कंजादासपुर की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले जैनुल खां ने लिखाई है।
जैनुल का कहना है कि उन्होंने नगरिया कलां में नईम और फहीम का गोदाम दस साल से किराये पर ले रखा है। इसे लेकर उन लोगों के बीच कोर्ट में वाद चल रहा है। 15 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह गोदाम में ताला डालकर घर चले गए थे। अगले दिन वह गोदाम पर पहुंचे तो ताले गैस कटर से कटे मिले। गोदाम में रखा सारा फर्नीचर गायब था।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पता चला कि रात करीब सवा बजे मंसूर, नईम, फहीम और कनीज बानो गोदाम पर पहुंचीं। इन लोगों ने गैस कटर से गोदाम के ताले काटे और सारा फर्नीचर ट्रक में भरकर ले गए। उन्होंने इसकी फुटेज के साथ एसएसपी से शिकायत की तो उनके आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। ब्यूरो