उझानी के मोहल्ला साहूकारा में क्राकरी के गोदाम से उठतीं लपटें। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। साहूकारा मोहल्ले में एक व्यापारी के घर की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में दिवाली की रात अचानक आग लग गई। इससे करीब चार लाख रुपये की क्राकरी और रिफाइंड नष्ट हो गया। माना जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी से गोदाम में आग लगी।
हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे हुआ। साहूकारा मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ बाबू की कछला रोड बाजार में दुकान है। क्राकरी का अधिकतर सामान उनके घर की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम पर रहता है। पिछले साल सुमित ने घी-तेल का व्यापार भी शुरू कर दिया था।
बृहस्पतिवार खिड़की की साइड से आग की लपटें उठतीं देख लोगों ने शोर मचाया तो मौके पर काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। व्यापारी समेत पड़ोस के लोगों ने खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश की। परिवार के लोग भी मकान से बाहर निकाल आए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अग्निशमन केंद्र पर जानकारी दी, जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचती व्यापारी और आसपास के लोगों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। व्यापारी सुमित ने बताया कि गोदाम में एक लाख रुपया कीमत का रिफाइंड ऑयल भी रखा था। क्राकरी के सामान में दोना-पत्तल के अलावा थर्माकोल का सामान भी राख हो गया। नुकसान के बारे में व्यापारी ने राजस्व कर्मियों को अवगत कराया है। संवाद