मीरगंज। थाना भमौरा क्षेत्र के नवदिया चाड़पुर गांव की निवासी उर्मिला देवी ने अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली को शिकायती पत्र देकर बेटी गुड़िया की हत्या और उनकी नातियों पर हो रहे उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
उर्मिला देवी ने बताया कि 16 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी गुड़िया की शादी सतीश कुमार, निवासी हसनपुर धनेली से की थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए ससुराली परेशान करने लगे। गुड़िया को तीन बेटियां हुईं, जिसके बाद उसके पति और परिवार वालों ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या को हार्ट अटैक बताकर छिपाया गया। अब बेटी के ससुराली उनके नातियों को निकालने व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
23 अक्तूबर को गुड़िया के पति की दूसरी शादी के विरोध करने पर उन्हें पीटा गया। अब इस मामले में थाना शाही और भमौरा पुलिस मामले को एक-दूसरे पर टाल रही है। शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शाही थाना पुलिस ने इस मामले में सतीश कुमार, तुलाराम, होरीलाल और रोशनलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संवाद
उर्मिला देवी ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें और उनकी नातियों को न्याय नहीं मिला, तो वे आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगी।