बरेली के मीरगंज की रेलवे कॉलोनी में गेटमैन के परिवार पर तीन कुत्तों को खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगा है। इस मामले में समाजसेवी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुनीता सिंह ने बताया कि वह पशु प्रेमी हैं और सात सितंबर से घायल फीमेल डॉग का इलाज करा रही हैं। उसके तीन पिल्ले रेलवे कॉलोनी के एक क्वार्टर के बरामदे में रहते थे। गेटमैन बालक राम व उसका परिवार इस पर एतराज करता था। यह परिवार अक्सर उन्हें भगाने का प्रयास करता था और खाने में जहर देने की बात कहता था।
बुधवार रात बालकराम व उसके परिजनों ने खाने में जहर मिलाकर उन्हें दे दिया। फीमेल डॉग और उसके दो पिल्लों की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। जबकि, एक पिल्ले की हालत गंभीर है। समाजसेविका उसे उठाकर पशु चिकित्सालय ले गईं और भर्ती करा दिया। उनकी तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पशु चिकित्सक ने शवों का पोस्टमार्टम किया।