बहेड़ी। देवरनियां क्षेत्र के एक गांव निवासी 11 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बुधवार रात आरोपी हरेंद्र पाल (30) को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, बालिका घर के पास धान फैलाने गई थी। तभी ग्राम रायपुर निवासी आरोपी हरेंद्र पाल बाइक से आया और तिरपाल लाने के बहाने उसे फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक उसे जंगल की तरफ ले गया और दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपी उसे पुलिया के पास छोड़कर भाग गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में अपहरण, दुष्कर्म की धारा व यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सीओ अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। संवाद