बरेली। कैंट, इज्जतनगर और भमोरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी फर्मों के जरिये पांच करोड़ से ज्यादा की जीएसटी धोखाधड़ी करने के दो आरोपियों को न्यारा पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 17 बैंक पासबुक, फर्जी मोहरें, 20 बिल बुक, 12 पैनकार्ड, 21 आधार कार्ड, 37 डेबिट कार्ड, आठ यूपीआई क्यूआर स्कैनर आदि बरामद किए गए हैं।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि कैंट, इज्जतनगर और भमोरा थाना क्षेत्रों में दर्ज फर्जी फर्मों के जरिये पांच करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस काफी समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के मोहल्ला नारायण टोला निवासी राहुल गुप्ता और बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला रतनपुरी निवासी गोविंद गुप्ता के नाम प्रकाश में आए। आरोपियों और इनके साथियों के नाम पर पंजीकृत फर्जी फर्मों की भी जानकारी मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी फर्मों व बैंक खातों का उपयोग कर जीएसटी धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताएं करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों की कई फर्जी फर्मों के बारे में भी पता लगा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।