दो दिन पहले किया आत्मसमर्पण, कोर्ट ने भेजा जेल
बरेली। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार कृष्णा भारद्वाज पर जानलेवा हमले के आरोपी ललित सक्सेना ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। ललित सक्सेना इज्जतनगर और प्रेमनगर थाने से वांछित चल रहा था।
इज्जतनगर के रोड नंबर पांच स्थित परतापुर चौधरी निवासी कृष्णा भारद्वाज आम आदमी पार्टी से शहर विधानसभा की उम्मीदवार हैं। 21 नवंबर की रात वह कोहाड़ापीर से घर लौट रही थीं। जब वह कुदेशिया फ्लाईओवर पर पहुंचीं तो मठ लक्ष्मीपुर निवासी ललित सक्सेना ने तीन-चार साथियों के साथ ईंट मारकर कार उनकी रुकवा ली और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसमें कृष्णा के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण ललित सक्सेना समेत तीन अन्य पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे पहले पांच अगस्त को भी ललित सक्सेना ने कृष्णा भारद्वाज और उनके पति चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला किया था। तब उसके खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी मगर इन दोनों ही मामलों में पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। प्रेमनगर इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले ललित सक्सेना ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बता दें कि ललित सक्सेना प्रेमनगर के कुख्यात बदमाश शेरू यादव का गुर्गा है, जिसकी पूर्व में हत्या की जा चुकी है।