बरेली। बिशारतगंज के गांव अखा निवासी आकाश की बुधवार सुबह फैक्टरी में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई।परिवार वालों ने फैक्टरी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
आकाश के भाई कमल ने बताया कि वह बुखारा मोड़ के पास स्थित एक फर्टिलाइजर जिंक फैक्टरी में काम करता था। बुधवार को सुपरवाइजर रचित सक्सेना ने उसे लोहे की जाली स्टोर में रखने के लिए भेजा था। स्टोर के पास तीन फेस की लाइन पहले से ही शॉर्ट थी, इस दौरान आकाश करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आकाश की शादी एक साल पहले थाना इज्जतनगर क्षेत्र के मालगोटिया निवासी कुमकुम से हुई थी। आकाश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह फैक्टरी में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। संवाद