बरेली। स्वालेनगर में नाला निर्माण में मिली अनियमितताओं को लेकर संबंधित फर्म ए थ्री इंटरप्राइजेज पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए तीन अभियंताओं को नोटिस दिया गया है।
नगर आयुक्त के निर्देश पर बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने अभियंताओं के साथ स्वालेनगर में नाला निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को नाले की दीवार पर सीमेंट की मात्रा कम और रेत अधिक दिखी। स्टील बार भी निर्धारित मोटाई से कमजोर पाए गए। इससे निर्माण की मजबूती पर सीधा असर पड़ता है। इसके अलावा जितनी गहराई और ढाल की जरूरत थी, उसका भी पालन नहीं किया गया। इन अनियमितताओं को देखते हुए नगर आयुक्त ने कार्यदायी एजेंसी पर ठेके की लागत का 10 फीसदी जुर्माना लगाया है। परियोजना की निगरानी में लापरवाही बरतने पर संबंधित एक्सईएन, एई, जेई को नोटिस जारी किया गया है। संवाद
नाला निर्माण में अनियमितता पाई गई हैं। रिपोर्ट के आधार पर एक्सईएन, एई, जेई को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित फर्म पर जुर्माना लगाया गया है। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त