बरेली। बीते दिनों बरेली कॉलेज में परीक्षा के दौरान अनुचित कार्य से रोकने पर परीक्षार्थी की ओर से अंग्रेजी विभाग के शिक्षक को जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई न होने से शिक्षक आक्रोशित हैं। अब प्राचार्य ने शिक्षक से लिखित शिकायत लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे बरेली कॉलेज शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य से मुलाकात की। उन्हें अंग्रेजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद सागर के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने वाले परीक्षार्थी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। कहा कि अगर परीक्षार्थी पर रिपोर्ट दर्जकर गिरफ्तारी नहीं हुई तो सभी शिक्षक एक सप्ताह के बाद परीक्षा कार्यों में सहयोग नहीं करेंगे।
आम सभा में पारित प्रस्ताव का ज्ञापन भी सौंपा गया। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने परीक्षार्थी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिक्षक संघ को आश्वस्त किया।प्रतिनिधिमंडल में प्रो. गजेंद्र पाल सिंह, प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. अहमद तारिक, प्रो. शिखा सिंह, डॉ. आशा सिंह, डॉ. सूर्य प्रकाश राव, डॉ. आशुतोष उपाध्याय, डॉ. आलोक यादव, डॉ. चंद्र प्रकाश यादव, डॉ. विवेक त्रिपाठी, डॉ. आनंद सागर अन्य शिक्षक शामिल रहे।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, पर लिखित शिकायत जरूरी
प्राचार्य प्रो. ओपी राय के मुताबिक, जिस शिक्षक के साथ घटना हुई नियमानुसार उन्हें लिखित शिकायतीपत्र देना चाहिए था। शिक्षक सिर्फ मौखिक शिकायत कर रहे थे, लिहाजा, कार्रवाई का ठोस आधार नहीं था। बैठक में संबंधित शिक्षक से लिखित शिकायतीपत्र लिया गया है। जिसे संबंधित थाने में भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। परीक्षा के दौरान शिक्षक से अभद्रता गंभीर मामला है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ब्यूरो