शहर के तमाम इलाकों में जलभराव, पानी से भरे गड्ढे बने हादसों की वजह
विज्ञापन
सुभाषनगर पुलिया के नीचे खींचकर ले जाने पड़े दोपहिया वाहन
बरेली। थोड़ी ही देर की तेज बारिश ने शहर भर में घंटों के लिए दिक्कतें खड़ी कर दीं। कई इलाकों में एक से डेढ़ फुट तक पानी भर जाने के बाद सड़कों पर निकले लोग जूझते नजर आए। गड्ढों से भरी सड़कों पर हादसे भी होते रहे। सुभाषनगर पुलिया के नीचे और सिटी स्टेशन रोड पर तमाम लोग अपने दोपहिया वाहन खींचकर ले जाते नजर आए।
शहर की लगभग सभी सड़कों का हालत काफी खराब हैं। सीवर लाइन डालने के बाद ज्यादातर खुदी पड़ी हैं। जो बना दी गई हैं, वे भी जगह-जगह धंस गई हैं और उन पर गड्ढे भी हो गए हैं। इस कारण बारिश होने के बाद जब इन सड़कों पर पानी भरता है तो लोगों को उन पर निकलना दुश्वार हो जाता है। रविवार को भी शाम पांच बजे बारिश होने के बाद तमाम इलाकों में पानी भर गया और सड़कों पर निकले लोग घंटों मुश्किलों से जूझते रहे।
सिटी स्टेशन रोड पर इस कदर पानी भर गया कि दोपहिया वाहन बंद हो गए। लोग पैदल अपने वाहन खींचते नजर आए। सुभाषनगर पुलिया के नीचे भी गहरा पानी भर जाने से लोगों ने यही दिक्कत झेली। हाल ही में बनी प्रभा टॉकीज रोड कई जगह धंस गई है जिसकी वजह से इस सड़क पर भी पानी भर गया और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुराने शहर में घुटनों तक पानी भर गया। चौपुला की सर्विस रोड पर भी लोगों मुश्किल का सामना करना पड़ा। हजियापुर में भरा पानी देर रात तक नहीं निकल सका।
रामपुर बाग में फटी पीएनजी लाइन
बरेली। रामपुर बाग में स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के तहत कुछ सड़कों की खोदाई हो रही है। रविवार को सड़क की खोदाई के दौरान पीएनजी लाइन फट गई। पार्षद राजेश अग्रवाल ने पीएनजी अधिकारियों को सूचना दी लेकिन इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। पीएनजी की टीम ने बारिश में ही लाइन की मरम्मत की। राजेश अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट सिटी की टीम बेतरतीब ढंग से काम कर रही है। पहले भी इस बारे में शिकायत कर चुक हैं। रविवार को पीएनजी लाइन फटने के बारे में नगर आयुक्त को बता दिया गया है। ब्यूरो