सिरौली। क्षेत्र के पिपरिया उपराला गांव में रविवार रात बारिश में मकान की छत गिरने से 11 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई, जबकि उसकी मां कुमकुम और 16 वर्षीय भाई अमन घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
कुमकुम के पति सतेंद्र की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। घर में कुमकुम अपने दो बच्चों अमन और खुशबू के साथ रहती हैं। रविवार को तीनों घर में कमरे में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे अचानक छत भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। खुशबू के ऊपर गर्डर के साथ पत्थर की भारी भरकम पटिया गिर गई, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में सो रही कुमकुम और अमन मलबे में दब गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटना शुरू किया। इस बीच सूचना पर सिरौली पुलिस भी पहुंच गई। कुमकुम और अमन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने खुशबू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।