बरेली। विशारतगंज इलाके का बीए पास युवक जुए में बड़ी रकम हार गया तो अफीम तस्करी में उतर गया। युवक झारखंड से अफीम लाकर शहर में सप्लाई करने लगा। बारादरी पुलिस ने अफीम की डिलीवरी के दौरान युवक को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
बारादरी थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार की रात गश्त के दौरान विशारतगंज के अतरछेड़ी निवासी द्वारिका प्रसाद को सम्राट अशोकनगर मार्ग से पकड़ लिया। द्वारिका प्रसाद से 501 ग्राम अफीम और एक बाइक बरामद हुई। द्वारिका ने पुलिस को बताया कि वह बीए पास है और खेती करता है। ब्याज पर बड़ी रकम लेकर वह जुए में हार गया था। इस बीच एक ड्राइवर ने उसे अफीम तस्करी में मुनाफे के बारे में बताया।
ड्राइवर ने झारखंड निवासी संजय पासवान से फोन कॉल पर उसकी बात करा दी। संजय से अफीम लाकर द्वारिका प्रसाद शहर में सप्लाई करने लगा। बरामद अफीम भी झारखंड से मंगाकर सप्लाई करने वाला था, तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बारादरी पुलिस द्वारिका के साथियों की भी तलाश कर रही है।