बरेली। पुलिस विभाग से रिटायर्ड एचसीपी को उसके ही मिलने वाले ठेकेदार ने लाखों का चूना लगा दिया। ठेकेदारी के धंधे में पैसा लगाकर मय मुनाफे के रकम वापस करने का वायदा करते हुए साढ़े आठ लाख ठग लिए। पैसा वापस न मिलने पर एचसीपी ने थाना सुभाषनगर में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बदायूं रोड पर स्थित चौरासी घंटा देवी मां के मंदिर के पास रहने वाले भरत पाल सिंह वर्ष 2012 में पुलिस विभाग में एचसीपी पद से रिटायर हुए थे। इससे पहले सुभाषनगर की पुलिस चौकी करगैना पर तैनाती के दौरान उनकी मुलाकात करेली गांव निवासी भवन निर्माण कराने वाले ठेकेदार नवाब अंसारी से हुई। बातचीत बढ़ने पर दोनों मेलमिलाप हो गया। भरत पाल ने बताया कि सेवानिवृत्त होने के बाद नवाब अंसारी ने उनसे ठेकेदारी में पैसा लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। भरतपाल ने बताया कि इस पर उन्होंने डेढ़ साल पहले नवाब अंसारी को आठ लाख 50 हजार रुपये दे दिए। काफी दिन बाद भी न ही मुनाफा दिया गया और न ही दी गई धनराशि वापस की गई। इस पर उन्होंने पैसा मांगा तो नवाब और उसके साथियों ने उनसे गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को रिटायर्ड एचसीपी ने नवाब अंसारी के अलावा इकबाल अंसारी, यूनुस, मोहम्मद हनीफ, आबिद आदि के खिलाफ थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज कराया है।