बरेली/भोजीपुरा। शनिवार सरेशाम पांच बजे भोजीपुरा इलाके में माटा गांव के पास बाइक सवार लुटेरों ने एक सराफ से दो लाख के जेवर और नगदी लूट ली और फरार हो गए। घटना के आसपास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
थाना भोजीपुरा के पीपलसाना चौधरी गांव निवासी अनिल श्रीवास्तव की सेंथल के पास जादोपुर गांव में आरिफ की मार्केट में सराफ की दुकान है। अनिल ने बताया कि वह शाम पांच बजे दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रास्ते में माटा गांव के पास पीछे से बाइक पर आए तीन लुटेरों ने उसेे रोक लिया। एक ने कनपटी पर तमंचा रख दिया। लुटेरे तमंचे के बल पर उससे दस ग्राम सोना, ढाई किलो चांदी और पचास हजार की गिरवी गांठें लूट, 15 हजार की नगदी लूट ले गए। घटना से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र कौशल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
-----------------------------------------
न लूट की रिपोर्ट लिखी न अपहरण की
बरेली। कोतवाली पुलिस मनमानी पर उतारू है। शुक्रवार को महेंद्र यादव के साथ दिन दहाड़े मुख्य डाकघर के पास हुई लूट की रिपोर्ट अभी तक नहीं लिखी है। उसे घटना के बाद डराकर भगा दिया था। रामपुर बाग चौराहे पर जिप्सी सवार ने शाहजहांपुर डिपो के बस चालक तेजपाल सिंह यादव को उठाकर मारपीट दिया था। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है। दोनों ही घटनाओं को लेकर पुलिस को काफी परेशान होना पड़ा। लुटेरे तलाशने के लिए भी पुलिस ने काफी भागदौड़ की। वायरलेस भी मेसेज पास कराया गया।
डीआईजी ने दिए जांच के आदेश
बरेली। लूट के दो मामलों में डीआईजी के हस्तक्षेप से पुलिस में हड़कंप मचा है। डीआईजी ने थाना प्रेमनगर में डेलापीर तिराहे पर परतापुर चौधरी की रामश्री के साथ तीन दिन पहले हुई 2.80 लाख रुपए की लूट मामले में जांच के आदेश दिए हैं। 20 दिन पहले कोतवाली के पास प्रिटिंग प्रेस के व्यवसायी अनवर उद्दीन से लूटे गए चार लाख रुपए की घटना की भी जांच करने को कहा है।