बरेली। एमबी इंटर कॉलेज और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में मतदाता मेला लगाया गया। इसमें नए मतदाता बनने और सूची से नाम कटवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कमिश्नर और डीएम ने मेल स्थलों का निरीक्षण कर लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित भी किया। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के मेले में पहुंचे डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक 1.5 लाख पंजीकरण फॉर्म जमा कराए गए हैं, इसमें से 1.37 लाख नए मतदाता फॉर्म हैं। अस्सी हजार से ज्यादा फॉर्म की आनलाइन फीडिंग की जा चुकी है।
एमबी इंटर कॉलेज पहुंचे कमिश्नर के राममोहन राव ने भी अधिक से अधिक संख्या में लोगों से मतदाता बनने की अपील की। कहा कि 18 साल की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फॉर्म छह भरकर वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल कराना चाहिए। मेला भोजीपुरा और बिथरी चैनपुर में भी आयोजित किया गया। यहां क्रमश: 625 और 631 फॉर्म जमा हुए। एमबी इंटर कॉलेज में 626 और आजाद इंटर कॉलेज में 1002 फॉर्म जमा किए गए। मतदाता पंजीकरण में अब केवल दो दिन शेष हैं। फॉर्म भरने की आखिरी तिथि 20 नवंबर है। कमिश्नर ने इस काम में रुचि न लेने वाले बीएलओ को चेताया। उन्होंने कहा कि छूटे हुए लोगों का नाम सूचियों में दर्ज कराया जाए।