जंक्शन पर छह अवैध वेंडर दबोचे गए
सिटी रिपोर्टर
बरेली। रेलवे के आला अधिकारियों के आदेश पर अनाधिकृ़त तरीके से कारोबार करने वाले वेंडराें के खिलाफ तीन माह का अभियान शुरू किया है। स्थानीय अधिकारियों की अगुवाई में टीम ने सोमवार को जबरदस्त जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान छह ऐसे वेंडर दबोचे गए जिनके पास कोई कागजात नहीं था। अधिकारियों के आदेश पर सभी वेंडरों का चालान कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर वेंडरों में अफरा-तफरी का भी माहौल रहा।
गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन पर कई ऐसे वेंडर कारोबार कर रहे हैं जिन्होंने रेल प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली है। ये वेंडर यात्रियों को सामान देने के एवज में मनमाना दाम भी वसूलते हैं। लेकिन अब आला अधिकारियों के निर्देश पर इन वेंडरों के खिलाफ तीन माह का विशेष जांच पड़ताल अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत स्टेशन अधीक्षक जेडए सिद़दीकी की अगुवाई में सीटीआई, स्वास्थ्य निरीक्षक की टीम ने स्टेशन पर जांच की। जांच के दौरान छह ऐसे वेंडर पकड़े गए जिन्होंने कोई विभागीय अनुमति नहीं ली थी। पकड़े गए सभी वेंडरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई। जबकि कई अनाधिकृत वेंडर कार्रवाई के डर से अपने सामान लेकर भाग निकले। एसएस सिद्दीकी का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
-
किसकी मिलीभगत से चल रहा कारोबार?
क्या यह संभव है कि रेलवे स्टेशन पर कई वेंडर अनधिकृत तरीके से कारोबार कर रहे हैं मगर रेलवे अधिकारियोें के अलावा जीआरपी व आरपीएफ को इसकी जानकारी न हो। अब आला अधिकारियाें के निर्देश पर जांच पड़ताल शुरू कर अनधिकृत वेंडर दबोचे जा रहे हैं तो उन लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए जिनके संरक्षण में अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।