डीएफओ और उनकी पत्नी समेत तीन पर धोखाधड़ी का मुकदमा
सिटी रिपोर्टर
बरेली। कुर्क जमीन दिखाकर एक प्रापर्टी डीलर के 25 लाख रुपये हड़प लिए गया। पीड़ित ने थाना बारादरी में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपियों में डीएफओ और उनकी पत्नी समेत तीन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्रापर्टी डीलर लोटन सिंह किला क्षेत्र के साहूकारा मोहल्ले के रहने वाले हैं। जुलाई 2010 में उन्होंने बिहारमान नगला में स्थित एक हजार वर्गगज जमीन गाटा संख्या 505, 506, 509 का सौदा तीस लाख रुपये में किया था। खतौनी में जमीन लखनऊ के गोमती नगर में रहने वाले भीमसेन के पिता बाबूराम के नाम दर्ज थी। इकरारनामा के समय लोटन ने बतौर एडवांस 25 लाख रुपये दिए थे। बाद में संग्रह अमीन से लोटन को पता चला कि 24 अक्टूबर 2010 को उस जमीन को सरकार कुर्क कर चुकी है। यानी जमीन पर भीमसेन और उनकी पत्नी पूनम सेन का कोई हक नहीं है। भीमसेन अंबेडकरनगर में डीएफओ पद पर तैनात हैं। जमीन पर मालिकाना हक न होने के बावजूद तीनों ने मिलकर तीन नवंबर 2010 को उसी जमीन का बैनामा फरीदपुर के महमूदापुर निवासी आशुतोष गंगवार के नाम कर दिया। बृहस्पतिवार की रात थाना बारादरी में प्रापर्टी डीलर लोटन की तरफ से डीएफओ भीमसने उनकी पत्नी पूनम सेन और नवादा जोगियान निवासी पप्पू राम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।