25 मई तक चलेगा वोटर लिस्ट के संशोधन का काम
जागरूकता को होर्डिंग लगाए जाएंगे
सिटी रिपोर्टर
बरेली। निकाय चुनावों में मतदाता सूची को और ज्यादा अपडेट करने के लिए विशेष अभियान 25 मई तक चलाया जाएगा। इसमें सूची का परिवर्धन, संशोधन और अपमार्जन कर पूरक सूची तैयार की जाएगी। नगर निगम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचास्थानि) सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (नगर निगम) में परिवर्धन, अपमार्जन और संशोधन को काउंटर खोले जाएंगे। डीएम मनीष चौहान ने एडीएम, एसडीएम, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के नाम जोड़ने में कोई गलती न हो। उन्होंने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग लगवाने के आदेश दिए, जिससे मतदाताओं को जागरूक किया जा सके। उन्होंने एसडीएम और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कार्यालयों में आपत्ति और दावे के निस्तारण को ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को नगर निकायों में साफ सफाई पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए। लोगों की लंबित शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाए। बैठक में एडीएम-ई राधेश्याम मिश्रा, नगर उपायुक्त डीके सिन्हा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एके शुक्ला आदि उपस्थित रहे।