बरेली। प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने चुनावी खर्च पर निगरानी शुरू कर दी है। जनसभा, रैली सहित चुनाव प्रचार में होने वाले खर्च पर लेखा टीमें न केवल नजर रखेगी, बल्कि उनके खर्च का हिसाब भी तैयार होगा। इसके लिए लेखा टीमों ने प्रत्याशियों को प्रस्तुत होने के लिए तारीख की तिथियां भी घोषित कर दी हैं।
आयोग ने प्रत्येक प्रत्याशी के खर्च के लिए 70 लाख रुपये की सीमा तय की है। नामांकन पूरा होने के साथ उम्मीदवारों के खर्च की मानीटरिंग के लिए लेखा टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। इसके तहत बरेली लोकसभा सीट के प्रत्याशियों को 12, 16 और 21 अप्रैल को खर्च के बिल और लेखा रजिस्टर के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आंवला लोकसभा सीट के प्रत्याशियों को 11, 15 और 20 अप्रैल को उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। चुनाव खर्च प्रभारी सीटीओ अनवर अहमद ने बताया कि उम्मीदवारों की चुनावी जनसभाएं और रैलियों की वीडियो कवरेज शुरू कराने के साथ लेखा टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है।