बरेली। आजमनगर से पुलिस ने दांव लगा रहे नौ कबूतरबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के वहां जुआ खेलने की सूचना मिली थी। दबिश देकर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर में सराय खास से पुलिस ने शनिवार सुबह दांव लगा रहे नौ कबूतरबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उन्हें चौक में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। मौके पर दबिश देकर पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर निवासी मुजम्मिल, छोटे, इमरान, बिहारीपुर निवासी रिजवान, कुतुबखाना निवासी बसीम खां, बारादरी क्षेत्र के पुराना शहर निवासी उवैस, कालीबाड़ी निवासी राहुल, किला क्षेत्र के पंजाब पुरा निवासी चीना और स्वालेनगर निवासी बसीम खां को गिरफ्तार कर लिया। इनको सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार करके कोतवाली लाया गया तो इनके पीछे मोहल्ले के तमाम लोग थाने के बाहर इकट्ठे हो गए। जुआरियों को छोड़ने के लिए सिफारिशों आने के बावजूद उन्हें नहीं छोड़ा गया। हालांकि पुलिस ने छानबीन में इनके पास से एक ताश की गड्डी और करीब साढ़े तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।