मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बरेली परिक्षेत्र के सात जिलों में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की है। शासन से पत्र आने के बाद क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी (आरएचईओ) ने संबंधित जिलों केडीएम को भूमि चिह्नित करने के लिए पत्र भेजा है। उम्मीद है कि अगले सत्र तक ये कॉलेज बनकर तैयार हो जाएंगे और संबंधित क्षेत्र के विद्यार्थियों, खासतौर से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दौड़ नहीं लगानी होगी।
पीलीभीत की पूरनपुर तहसील में गन्ना कृषक महाविद्यालय है। इसके अलावा ज्यादातर सेल्फ फाइनेंस कॉलेज हैं। बरेली मंडल में ज्यादातर छात्र बरेली कॉलेज का रुख करते हैं। अन्य जिलों की भी यही स्थिति है। छोटे शहरों में राजकीय कॉलेज न होने के कारण विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी होती है। खासतौर से लड़कियों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। कई तो पढ़ाई ही छोड़ देती हैं। शासन ने उच्च शिक्षा अधिकारी से इन दिनों से कॉलेज संबंधी जानकारी मांगी थी। बरेली से सुभाषनगर में कन्या डिग्री कॉलेज बनाने का प्रस्ताव भी भेजा गया था। हालांकि शासन से अभी अनुमति नहीं मिली है। शिक्षक दिवस के मौके पर शासन ने परिक्षेत्र के सात जिलों में राजकीय कॉलेज खोलने की घोषणा की है।
इन स्थानों पर खुलेंगे राजकीय डिग्री कॉलेज
- पूरनपुर, पीलीभीत
- चंदौसी, संभल
- दातागंज, बदायूं
- बिजनौर
- पुवायां, शाहजहाहंपुर
- मिलक, रामपुर
- कांठ, मुरादाबाद
शासन ने सात जिलों में राजकीय कॉलेज खोलने की घोषणा की है। इसका पत्र आ गया है। संबंधित जिलों के डीएम को भूमि चिह्नित करने के लिए पत्र भेजा गया है। - डॉ. राजेश प्रकाश, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली परिक्षेत्र